उत्तराखंड

हल्द्वानी की सोनी पंत ने मंगल दल के माध्यम से महिलाओं को किया सशक्त

हल्द्वानी : स्कूल और फिर कालेज की पढ़ाई के दौरान विभिन्न गतिविधियों में भाग लेना सोनी का शौक था। दीवाली व दूसरे त्योहार पर ईजा घर पर ऐपण डालती। गर्मी में घर के आसपास बेलों पर खूब ककड़ी लटकने लगती तो ईजा कद्दूकस की हुई ककड़ी के साथ दरदरी पिसी उड़द दाल मिलाकर बड़ी डाल देती। ताकि जाड़ों में झटपट बड़ी की सब्जी तैयार हो सके। पहली बार ऐपण उकेरते हुए ईजा को ही तो देखा था। बीएड की पढ़ाई करने वाली सोनी पंत शादी के बाद अल्मोड़ा जिले के सेराघाट से हल्द्वानी आईं तो कुछ करने की ठानी।

ईजा की देखादेखी व स्कूल-कालेज में विभिन्न गतिविधियों में भागीदारी करने से जो सीखा, उसी में काम करने की मंशा से 2015 में महिला मंगल दल गठित किया। 10 महिलाओं से मुहिम शुरू हुई। दीवाली के समय मोमबत्ती व ऐपण चौकी तैयार की। रक्षाबंधन में राखी तो जाड़ों का मौसम आने से पहले ऊनी स्वेटर, टोपी, मोजे तैयार किए। बड़ी, मुगौड़ी, अचार, हर्बल धूप तैयार करने जैसी गतिविधियों से महिलाओं को रोजगार मिल रहा है। महिला मंगल दल से वर्तमान में 45 महिलाएं जुड़ चुकी हैं। महिलाओं को प्रेरित करने में सोनी की अहम भूमिका रही।

Related Articles

Back to top button