उत्तराखंड

दूरस्थ इलाकों के लोगों को अब नहीं काटने पड़ेंगे चक्कर, नगर निगम के दो जोनल दफ्तर आनलाइन

देहरादून। शहर के दूरस्थ इलाकों के जन को अब हाउस टैक्स जमा करने के लिए नगर निगम का चक्कर नहीं लगाना पड़ेगा। उन्हें अपने घर के पास स्थित निगम के जोनल दफ्तर में ही समस्त सुविधाएं मिलेंगी। चाहे वह हाउस टैक्स से जुड़ा मसला हो, जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र का या फिर स्ट्रीट लाइट की समस्या का। शहर का दायरा बढ़ने पर निगम ने दूरस्थ क्षेत्र के निवासियों के लिए जो जोनल दफ्तर बनाए थे, उन्हें आनलाइन किया जा रहा है। शुक्रवार को राजपुर और चकशाहनगर जोनल दफ्तर आनलाइन सेवा से जोड़ दिए गए, जबकि बाकी दो हर्रावाला व आरकेडिया को जल्द आनलाइन सेवा से जोड़ दिया जाएगा। नगर आयुक्त विनय शंकर पांडेय के मुताबिक 10 हजार लोग राजपुर एवं चकशाहनगर जोनल क्षेत्र के ऐसे हैं, जो हाउस टैक्स जमा करने निगम कार्यालय आते थे। अब इन्हें दूर नहीं आना पड़ेगा।

ढाई साल पूर्व जनवरी जनसुविधाओं के लिहाज से नगर निगम क्षेत्र को पांच जोन में बांटा गया था। इनमें एक नगर निगम मुख्य कार्यालय, जबकि बाकी चार जोनल दफ्तर बनाए गए थे। इनके वार्ड भी बांट दिए गए थे। जोनल दफ्तर में जन्म-मत्यु प्रमाण पत्र की सुविधा पहले शुरू कर दी गई थी मगर हाउस टैक्स की आनलाइन सुविधा यहां पर नहीं थी। इन जोनल दफ्तर में जो भी क्षेत्रीय लोग हाउस टैक्स जमा करते थे, उन्हें हाथ से बनी रसीद दी जाती थी।

Related Articles

Back to top button