उत्तराखंड

पुलिसकर्मियों को 4600 ग्रेड पे देने की मांग को लेकर उक्रांद का प्रदर्शन, कहा- सरकार कर रही अन्याय

देहरादून। पुलिस कर्मियों को 4600 ग्रेड पे देने की मांग को लेकर उत्तराखंड क्रांति दल के कार्यकर्त्ताओं ने घंटाघर स्थित स्वर्गीय इंद्रमणि बडोनी की मूर्ति के सामने प्रदर्शन किया। दल के केंद्रीय मीडिया प्रभारी शिव प्रसाद सेमवाल ने कहा कि पुलिस कर्मियों को ग्रेड पे को लेकर सिर्फ बैठकें हो रही हैं। छह माह बाद भी कोई फैसला नहीं हो पाया है।

केंद्रीय युवा अध्यक्ष राजेंद्र सिंह बिष्ट ने कहा कि यदि एक सप्ताह में पुलिस कर्मियों के ग्रेड पे को लेकर कोई फैसला नहीं होता है तो दल सड़कों पर आंदोलन छेडऩे को विवश होगा। महानगर अध्यक्ष दीपक सिंह रावत ने कहा कि पुलिसकर्मी 20 साल की सेवा के बाद 4600 ग्रेड पे के लिए मांग कर रहे हैं, लेकिन सरकार उनका ग्रेड पर 2800 करना चाहती है, यह पुलिसकर्मियों के साथ अन्याय है।

लोकायुक्त आंदोलन के संयोजक सुमन बडोनी ने कहा कि उत्तर प्रदेश के समय में भर्ती हुए सैकड़ों पुलिसकर्मियों को 4600 ग्रेड पे भी दिया जा रहा है। वहीं, उत्तराखंड बनने के बाद भर्ती हुए पुलिस कर्मियों के लिए यह ग्रेड घटाकर 2800 किया जा रहा है। संजीव रावत ने कहा कि कोरोनाकाल मे तन मन धन से जनता की सेवा करने वाले पुलिसकर्मियों को इनाम की जगह उल्टा वेतन कटौती कर दी गई है, इससे पुलिसकर्मियों और उनके स्वजनों में काफी आक्रोश है और दल इस अन्याय को सहन नहीं करेगा।

Related Articles

Back to top button