उत्तराखंड

मानव संसाधन मंत्री निशंक बोले- बिचौलियों से मुक्ति दिलाएगा नया कृषि कानून

रुद्रपुर: नए कृषि कानून के समर्थन में भाजपा की गुरुवार को आयोजित किसान रैली सफल रही। कड़ाके की ठंड और विपक्षी पार्टियों की तमाम अड़ंगेबाजी के बाद भी बड़ी संख्या में किसान अपने ट्रैक्टर के साथ मोदी मैदान में जुटे। इस बीच उन्होंने नए कानून को अपने हित में बताते हुए विरोध करने वालों को करारा जवाब दिया। रैली को केंद्रीय शिक्षा मंत्री रमेश पोखरियाल निशंक ने संबोधित किया। उन्होंने कहा कि किसानों को बिचौलियों से मुक्ति दिलाने के लिए नए कानून बनाए गए हैं।

अब किसान देश के किसी भी हिस्से में बिना मंडी शुल्क दिए उत्पाद बेच सकते हैं। इससे उनकी आर्थिक स्थिति सुधरेगी। इस बीच उन्होंने कांग्रेस पर भी निशाना साधा। बोले कि राजनीतिक जमीन खिसक गई तो अब कांग्रेस किसानों को बरगला रही है। उन्होंने साफ किया कि नए कानून से न तो मंडी खत्म होगी और न ही न्यूनतम समर्थन मूल्य। निशंक ने कहा कि कांट्रेक्ट खेती में कोई दिक्कत नहीं है। अनुबंध के तहत समय से भुगतान हो जाएगा। उपज की अच्छी कीमत मिलेगी। किसान जब चाहें अनुबंध तोड़ सकते हैं। किसान कांग्रेस की कथनी-करनी को समझ चुके हैं। अब वे बहकावे में नहीं आने वाले। प्रधानमंत्री देश के उत्थान के साथ ही किसानों के हित में निरंतर काम कर रहे हैं।

Related Articles

Back to top button