उत्तराखंड

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक ने कहा- भाजपा ने पारदर्शिता से दिया युवाओं को रोजगार

देहरादून। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक ने कहा कि भाजपा सरकार ने पूरी पारदर्शिता के साथ युवा बेरोजगारों को रोजगार दिया है। नौकरियों की बंदरबांट नहीं की। अभी तक सरकारी, गैर सरकारी, स्थायी व अस्थायी रूप से सात लाख से अधिक व्यक्तियों को रोजगार दिया जा चुका है। सरकार जल्द ही बड़े पैमाने पर सरकारी एवं गैर सरकारी पदों पर भर्तियां करने जा रही है।

गुरुवार को एक बयान में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि लगभग डेढ़ साल से कोरोना के कारण हर तरह की सरकारी, गैर सरकारी और व्यावसायिक गतिविधियां ठप पड़ी हैं। बावजूद इसके प्रदेश में किसी भी संविदा अथवा आउटसोर्स कार्मिक की सेवा को समाप्त नहीं किया गया है, बल्कि सरकार उनके लिए रोजगार सृजन की नई योजनाएं लेकर आई है।

कांग्रेस के रोजगार संबंधी बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस सरकार में नौकरियों की बंदरबांट के आरोप लगे थे। तब चहेतों को रेवड़ि‍यों की तरह सरकारी नौकरी बांटने और पिछले दरवाजे से हुई नियुक्तियों को लेकर जम कर हंगामा हुआ था। कांग्रेस शासनकाल में बेरोजगारों के साथ केवल छलावा हुआ। मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत की सरकार पूर्ण पारदर्शिता से सबका साथ, सबका विकास की भावना से कार्य कर रही है।

Related Articles

Back to top button