उत्तराखंड

उत्तराखंड में गरजेंगे नड्डा, ठाकुर, खट्टर समेत भाजपा के स्टार प्रचारक, कुमाऊं से होगी शुरुआत

देहरादून। Uttarakhand Vidhan Sabha Election 2022 विधानसभा चुनाव की नामांकन प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद भाजपा अब प्रदेशभर में चुनाव प्रचार के लिए ताकत झोंकने जा रही है। मंगलवार को चुनाव महाभियान से इसकी शुरुआत होगी। हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री गढ़वाल मंडल और हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर कुमाऊं मंडल में महाभियान की शुरुआत करेंगे। इसके अलावा भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा तीन फरवरी उत्तराखंड में दो जनसभाओं को संबोधित करेंगे। गृह मंत्री अमित शाह का भी चार फरवरी को पिथौरागढ़ व नरेन्द्र नगर का दौरा प्रस्तावित था, लेकिन फिलहाल इसे टाल दिया गया है।

भाजपा ने मंगलवार से प्रदेश के सभी 70 विधानसभा क्षेत्रों में एक साथ चुनाव महाभियान शुरू करने का निश्चय किया है। भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान के अनुसार हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर गढ़वाल मंडल में विकासनगर से महाभियान की शुरुआत करेंगे। इसके बाद वह सहसपुर विधानसभा क्षेत्र में पार्टी प्रत्याशी के समर्थन में घर-घर जनसंपर्क करेंगे। इसी तरह हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर हल्द्वानी से कुमाऊं मंडल में महाभियान की शुरुआत करेंगे। खट्टर बाद में लालकुंआ विधानसभा क्षेत्र में पार्टी प्रत्याशी के समर्थन में जनसंपर्क भी करेंगे। इसके अलावा मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक समेत अन्य नेता विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में इस महाभियान में भाग लेंगे।

Related Articles

Back to top button