उत्तराखंड

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बोले, एकात्म मानववाद पूरे विश्व के लिए चिंतन-मनन का विषय

देहरादून। एकात्म मानववाद के प्रणेता पंडित दीनदयाल उपाध्याय की पुण्य तिथि पर गुरुवार को प्रदेश भाजपा कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में उनका भावपूर्ण स्मरण किया गया। इस मौके पर भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बंशीधर भगत ने कहा कि एकात्म मानववाद का स्वरूप भारत ही नहीं पूरे विश्व के लिए चिंतन और मनन का विषय है। उन्होंने कहा कि आत्मनिर्भर भारत की कल्पना भी पंडित उपाध्याय के विचारों की पौध है।

प्रदेश अध्यक्ष भगत ने पंडित उपाध्याय को भाजपा के आज के स्वरूप का आधार स्तंभ बताया। उन्होंने कहा कि पंडित उपाध्याय के आदर्शों पर चलकर ही भाजपा विश्व का सबसे बड़ा राजनीतिक दल बना है। प्रदेश उपाध्यक्ष खजानदास और डा. देवेंद्र भसीन ने कहा कि पंडित उपाध्याय का संपूर्ण जीवन मानवता के विकास और राष्ट्र के उत्थान के लिए ही समॢपत रहा।कार्यक्रम का संचालन भाजपा के प्रदेश महामंत्री कुलदीप कुमार ने किया।

इस मौके पर उपाध्यक्ष अनिल गोयल, दायित्वधारी विश्वास डाबर, शोभाराम प्रजापति, शादाब शम्स, अजीत चौधरी, विनय गोयल, कौस्तुभानंद जोशी, आदित्य चौहान, मधु भट्ट, मनवीर सिंह चौहान, बलजीत सोनी आदि मौजूद थे।

भाजपा का चिंतन शिविर स्थगित

चमोली में आई आपदा के मद्देनजर प्रदेश भाजपा ने 20 फरवरी तक होने वाले कार्यक्रम स्थगित कर दिए हैं। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बंशीधर भगत के हवाले से प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 19 से 21 फरवरी तक मार्चूला में प्रस्तावित भाजपा का चिंतन शिविर भी स्थगित कर दिया गया है। इसमें भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री संगठन बीएल संतोष के साथ ही अन्य राष्ट्रीय नेताओं को भी भाग लेना था। उन्होंने बताया कि शिविर की तिथि जल्द ही तय की जाएगी।

Related Articles

Back to top button