Uttarakhand Chunav 2022: प्रियंका गांधी हिस्ट्रीशीटर को टिकट के सवाल पर हुईं गुस्सा, जानिए क्या बोलीं वह

देहरादून। कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा घोषणा पत्र के विमोचन कार्यक्रम में पहुंची ही थीं कि एक पत्रकार ने उनसे उत्तर प्रदेश में अपराधियों को टिकट दिए जाने पर सवाल पूछ लिया। इससे वह असहज दिखीं। बाद में प्रियंका गांधी पत्रकारों से बातचीत किए बिना ही कार्यक्रम से निकल गईं।
दोपहर करीब दो बजे प्रियंका गांधी वाड्रा कार्यक्रम में पहुंचीं। प्रियंका गांधी मुख्य गेट से प्रवेश कर समर्थकों की भीड़ के बीच वरिष्ठ नेताओं से परिचय प्राप्त करने लगीं। तभी भीड़ के बीच से एक पत्रकार ने उनसे सवाल किया कि ‘प्रियंका जी, आपने नारा दिया है कि लड़की हूं, लड़ सकती हूं, लेकिन आपने कानपुर में एक हिस्ट्रीशीटर सुहेल हैदर अंसारी को प्रत्याशी बनाया है, आपको पहले ऐसे हिस्ट्रीशीटरों का इतिहास खंगालना चाहिए था। उनके ऊपर कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।’ यह सुनते ही गुस्से में प्रियंका गांधी ने कहा कि मैं सबका इतिहास बेहतर ढंग से जानती हूं। जिस लड़की की बहन चुनाव लड़ रही है, उसके साथ बहुत अत्याचार हुए हैं। आप बहुत गलत बोल रहे हैं। यह कहते प्रियंका गांधी आगे बढ़कर मंच पर पहुंच गईं, हालांकि पत्रकार यह कहता रहा कि मैडम में उस लड़की की बात नहीं कर रहा हूं, बल्कि सुहैल हैदर अंसारी के बारे में आपसे सवाल कर रहा हूं।