उत्तराखंड

उत्तराखंड: पहाड़ से मैदान तक बारिश, बदरीनाथ- यमुनोत्री हाईवे बंद, अलकनंदा और पिंडर नदी का जलस्तर बढ़ा

देहरादून । उत्तराखंड में शनिवार देर रात से ही पहाड़ से मैदान तक बारिश हो रही है। मैदानी इलाकों में जहां मानसून की बारिश से तापमान में गिरावट दर्ज की गई वहीं, पहाड़ी इलाकों में मानसून अभी से कहर बरपा रहा है। रामनगर, नैनीताल, काशीपुर के साथ ही राजधानी देहरादून समेत आस पास के क्षेत्रों में भी बारिश से तापमान में गिरावट आई है।

आंधी-तूफान से पेड़ भी गिर रहे हैं। पहाड़ी से भूस्खलन होने से कई जगह रास्ते बंद हैं। मलबा आने से लोगों के घरों में पानी भी घुस गया है। उधर, पिंडर और अलकनंदा नदी का जलस्तर धीरे-धीरे बढ़ रहा है।

शनिवार देर रात को पहाड़ों की रानी मसूरी में बारिश का कहर देखने को मिला। अचानक हुई तेज बारिश से मसूरी के मौसानिक लॉज बस स्टैंड के पास एक बड़ा पेड़ अचानक गिर गया। जिसकी चपेट में आने से सड़क किनारे खड़ी तीन टैक्सी कार क्षतिग्रस्त हो गईं।

गनीमत रही कि पेड़ गिरते समय कोई व्यक्ति उसकी चपेट में नहीं आया। वहीं पास में ही देवी गोदियाल के गेस्ट हाउस को भी हल्का नुकसान पहुंचा है। उधर, सड़क पर पेड़ गिरने से मार्ग भी बंद हो गया है।

बदरीनाथ और यमुनोत्री हाईवे बंद

पहाड़ में दो दिन से लगातार हो रही बारिश के कारण बदरीनाथ नेशनल हाईवे सुबह तोता घाटी और सकनिधार के बीच बंद हो गया है। बारिश से बदरीनाथ हाईवे पर पहाड़ी से पत्थर गिर रहे हैं। बता दें कि पीपलकोटी में भनेरपाणी में चट्टान से मलबा और बोल्डर आने की वजह से बदरीनाथ हाईवे शनिवार को भी करीब 13 घंटे बाधित रहा था।

यमुनोत्रीधाम सहित यमुना घाटी में भी आधी रात से बारिश हो रही है। यमुनोत्री हाईवे ओजरी डबरकोट मे मलबा और बोल्डर आने से बंद हो गया है। हाईवे को खोलने के प्रयास किए जा रहे हैं।

शुक्रवार की रात से ही बारिश के कारण चमोली जिले में जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। पहाड़ियों से मलबा सड़कों तक आ गया है। वहीं, करीब एक दर्जन दुकानों और घरों में पानी भी घुस गया। उधर, कुमाऊं के बागेश्वर में कलना बैंड के पास सड़क का करीब 10 मीटर तक हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया है।

Related Articles

Back to top button