उत्तराखंड

उत्तराखंड में तेजी से बढ़ रहा कोरोना संक्रमण, पिछले 24 घंटों में सामने आए 133 मामले

देहरादून। उत्तराखंड में कोरोना संक्रमितों की संख्या दिन-ब-दिन बढ़ती ही जा रही है। ताजा मामले में 133 और लोगों में कोरोना की पुष्टि हुई है। एक दिन में आए कोरोना के नए मामलों की यह तीसरी सर्वाधिक संख्या है। कोरोना पॉजिटिव दो लोगों की मौत हो गई।

ऊधमसिंहनगर के काशीपुर स्थित एलडी भट्ट अस्पताल में 29 वर्षीय एक व्यक्ति की मौत होने पर उसका सैंपल लिया गया था, जिसकी रिपोर्ट अब पॉजिटिव आई है। वहीं सहारनपुर निवासी 52 वर्षीय एक व्यक्ति की दून अस्पताल में मौत हुई है। उन्हें गुर्दे में संक्रमण के चलते टर्नर रोड स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती किया गया था। रिपोर्ट पॉजिटिव आने पर उन्हें मंगलवार सुबह दून अस्पताल शिफ्ट किया गया था।

उत्तराखंड में अब तक 2535 लोगों में कोरोना की पुष्टि हो चुकी है। इनमें 1602 स्वस्थ्य भी हो चुके हैं। वर्तमान में प्रदेश में 888 एक्टिव केस हैं। 15 मरीज राज्य से बाहर चल गए हैं। कोरोना संक्रमित 30 मरीजों की अब तक मौत हो चुकी है।

स्वास्थ्य विभाग से मिली जानकारी के अनुसार 1759 सैंपलों की जांच रिपोर्ट प्राप्त हुई है। जिनमें 133 मामलों में रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। ऊधमसिंहनगर मे सबसे अधिक 26 लोगों में कोरोना की पुष्टि हुई है। इनमें एक युवक का सैंपल उसकी मौत के बाद लिया गया था। इसके अलावा चार स्थानीय हैं जिनकी ट्रेवल हिस्ट्री अभी पता नहीं लग पाई है। जबकि तीन पूर्व में संक्रमित व्यक्ति के संपर्क में आए हैं।

Related Articles

Back to top button