उत्तराखंड

उत्तराखण्ड: बृहस्पतिवार को प्रदेश में मिले 68 कोरोना पॉजिटिव, कुल मरीजों की संख्या हुई 1153

देहरादून I प्रदेश में बृहस्पतिवार को 68 और लोगों में कोरोना संक्रमण मिला है। इसमें सबसे अधिक देहरादून जिले में 36 लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। प्रदेश में अब संक्रमितों का आंकड़ा 1153 पहुंच गया है। वहीं, 15 और संक्रमित मरीजों को इलाज के बाद घर भेज दिया गया है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी हेल्थ बुलेटिन के अनुसार बृहस्पतिवार को आई जांच रिपोर्ट में 702 सैंपलों की रिपोर्ट निगेटिव आई है।

जबकि देहरादून में 36 संक्रमित मरीज मिले हैं। इनमें निरंजनपुर सब्जी मंडी में संक्रमित मरीज के संपर्क में आने से 22 लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए। जबकि दून मेडिकल अस्पताल में महिला डॉक्टर व एक अन्य कर्मचारी, दो महाराष्ट्र से लौटे संक्रमित मिले हैं। वहीं, आठ संक्रमित मरीजों की ट्रेवल हिस्ट्री नहीं है। एम्स ऋषिकेश में भर्ती दो मरीजों में भी कोरोना की पुष्टि हुई है। दोनों संक्रमित मरीजों ने इलाज के दौरान दम तोड़ा है।

नैनीताल जिले में संक्रमित पाए गए 10 मरीज मुंबई से आए हैं। वहीं, टिहरी जिले में 10 संक्रमित मरीजों की ट्रेवल हिस्ट्री मुंबई की है। पौड़ी जिले में दो मरीज नोएडा और दो महाराष्ट्र से लौटे हैं। उत्तरकाशी जिले में मुंबई से लौटा एक कोरोना पॉजिटिव मिला है।

चंपावत में दो महाराष्ट्र से लौटे हैं और तीसरा संपर्क में आया है। बागेश्वर जिले में एक मुंबई और दूसरा गुजरात से आया है। अल्मोड़ा में संक्रमित मरीज दिल्ली और ऊधमसिंह नगर जिले में एक संक्रमित मरीज महाराष्ट्र से लौटा है। बृहस्पतिवार को अल्मोड़ा, पौड़ी, देहरादून और बागेश्वर जिले से 15 संक्रमितों को घर भेजा गया है। इन्हें मिला कर 297 संक्रमित मरीज ठीक हो चुके हैं।

Related Articles

Back to top button