उत्तराखंड

उत्तराखंड: भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भगत बोले, सात लाख को रोजगार देने का दावा सही; आंकड़े भी किए जारी

देहरादून। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बंशीधर भगत ने कहा है कि वह प्रदेश में सात लाख लोगों को रोजगार देने के दावे पर कायम हैं। इसके लिए उन्होंने आंकड़े भी जारी किए। साथ ही उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने रोजगार दिया है, बंदरबांट नहीं की, जिसके कारण पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार पर कई आरोप लगे थे।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने सोमवार को एक बयान में कहा कि भाजपा सरकार ने युवा बेरोजगारों को रोजगार देने का काम किया है। कांग्रेस शासनकाल में बेरोजगारों के साथ केवल छलावा हुआ था। कांग्रेस ने केवल अपने चहेतों को सरकारी नौकरी दी। विधानसभा में 158 नियुक्तियों समेत कई ऐसे मामले सामने आए, जिसमें चहेतों को रोजगार दिया गया। उन्होंने इस दौरान प्रदेश में बेरोजगारों को दिए गए रोजगार के आंकड़े भी जारी किए।

इन आंकड़ों के मुताबिक उद्योग विभाग में 160675, ग्रामीण विकास विभाग में 153360, लोक निर्माण में 58163, परिवहन विभाग में 58078, पेयजल विभाग में 41360, पर्यटन विभाग में 41360 व्यक्तियों को रोजगार प्रदान किया गया है। उन्होंने प्रदेश सरकार द्वारा विभिन्न विभागों में सरकारी सेवाओं के लिए सृजित पदों का विवरण भी दिया। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि कोरोना काल के दौरान मनरेगा में पिछले साल की तुलना में दो लाख अतिरिक्त श्रमिकों को रोजगार दिया गया। इसके साथ ही कैंपा के माध्यम से 40 हजार लोगों को रोजगार देने की कार्ययोजना तय की गई है। उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत को निशाने पर लेते हुए कहा कि कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में वर्ष 2014 से 2017 तक केवल आठ परीक्षाएं आयोजित हुईं, जिनमें 801 पदों पर चयन हुआ।

वहीं, साल 2017 से 2020 तक 59 परीक्षाएं आयोजित की गईं, जिनमें 6000 पदों पर चयन हुआ। वर्तमान में आयोग द्वारा 7300 पदों पर भर्ती प्रक्रिया जारी है। आंकड़े पद सृजन नहीं, रोजगार केभाजपा प्रदेश अध्यक्ष की ओर से जारी आंकड़ों में रोजगार के आंकड़ों को पद सृजन के रूप में पेश किया गया था। इससे भ्रम की स्थिति बन गई। हालांकि बाद में संपर्क करने पर भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी मनबीर सिंह चौहान ने स्पष्ट किया कि ये आंकड़े विभागों में पद सृजन के नहीं, बल्कि इन विभागों के अंतर्गत दिए गए रोजगार के हैं।

Related Articles

Back to top button