उत्तराखंड

उत्तराखंड में 45 महिला प्रत्याशी मैदान में, दो जिलों से कोई नहीं; जानिए पिछले चुनाव में क्या थी तस्वीर

देहरादून। उत्तराखंड में चुनाव मैदान की तस्वीर साफ हो चुकी है। सभी 70 सीटों पर 632 प्रत्याशी मैदान में हैं। इन प्रत्याशियों में 587 पुरुष और 45 महिलाएं शामिल हैं। प्रदेश में दो जिले चम्पावत और बागेश्वर में एक भी महिला प्रत्याशी नहीं है। इस बार महिला प्रत्याशियों की संख्या में कमी देखने को मिली है। वर्ष 2017 में हुए विधानसभा चुनाव में 62 महिलाएं मैदान में थीं।

प्रदेश में महिलाएं राजनीति में काफी सक्रिय रहती हैं। मतदान करने से लेकर चुनाव लड़ने तक, महिलाएं कभी पीछे नहीं रहती। इस बार जरूर तस्वीर कुछ बदली हुई सी है। इस वर्ष पिछले चुनाव की तुलना में प्रत्याशियों की संख्या में कमी आई है। वर्ष 2017 में 637 प्रत्याशी मैदान में थे। इस वर्ष यह संख्या घटकर 632 रह गई है। हालांकि, वर्ष 2017 की तुलना में पुरुष प्रत्याशियों की संख्या बढ़ी है।

वर्ष 2017 के चुनाव में पुरुष प्रत्याशियों की संख्या 573 थी जो अब बढ़कर 587 हो गई हैं। पिछले चुनाव में पुरुष व महिलाओं के अलावा दो थर्ड जेंडर प्रत्याशी भी मैदान में थे। इस बार इनकी संख्या शून्य है। सबसे अधिक 10 महिला प्रत्याशी देहरादून जिले में हैं। पौड़ी जिले में छह ऊधमसिंह नगर में पांच, पिथौरागढ़, अल्मोड़ा, नैनीताल व हरिद्वार जिले में चार-चार महिला प्रत्याशी मैदान में हैं। टिहरी गढ़वाल में तीन, रुद्रप्रयाग व चमोली में दो-दो महिला प्रत्याशी और उत्तरकाशी में एक महिला प्रत्याशी चुनाव मैदान में ताल ठोके हुए है।

Related Articles

Back to top button