उत्तराखंड

कांग्रेस की पहली सूची जल्द होगी जारी, दिसंबर अंत तक सीइसी को सौंपेंगे प्रत्याशियों का पैनल; महिलाएं भी आगे

देहरादून।कांग्रेस की प्रदेश स्क्रीनिंग कमेटी अध्यक्ष अविनाश पांडेय ने कहा कि पार्टी के संभावित प्रत्याशियों का पैनल इस माह के आखिर तक केंद्रीय चुनाव समिति को सौंपा जाएगा। इसके बाद प्रत्याशियों की पहली सूची जल्द जारी होने की संभावना उन्होंने व्यक्त की। उन्होंने दोहराया कि उत्तराखंड में चुनाव सामूहिक नेतृत्व में ही लड़ा जाएगा।

प्रदेश कांग्रेस कार्यालय राजीव भवन में सोमवार को पत्रकारों से बातचीत में अविनाश पांडेय ने बताया कि कमेटी अब तक 55 विधानसभा क्षेत्रों में टिकट के दावेदारों का साक्षात्कार ले चुकी है। युवाओं और महिलाओं में टिकट को लेकर जबर्दस्त उत्साह है। पार्टी लोकप्रिय उम्मीदवारों को चुनाव मैदान में उतारेगी। विधानसभा क्षेत्रों में अच्छी छवि, लोकप्रिय और जीतने की प्रबल संभावना वाले दावेदार को ही टिकट देगी। कमेटी ने श्रीनगर, अल्मोड़ा व हल्द्वानी में 40 विधानसभा क्षेत्रों के दावेदारों से मुलाकात की। विधानसभा टिकट को लेकर उनके दावों को लेकर मंथन किया गया।

उत्तराखंड में है बदलाव की लहर

उन्होंने दावा किया कि उत्तराखंड में बदलाव की लहर है। वर्तमान सरकार की विफलता से मायूसी का वातावरण है। जनता को अब कांग्रेस की सशक्त सरकार से बड़ी अपेक्षा है। उन्होंने आरोप लगाया कि मौजूदा भाजपा सरकार ने पिछली कांग्रेस सरकार की कई योजनाओं को बंद कर दिया। इससे जनता को असुविधा हुई। बेरोजगारी बढ़ती जा रही है। स्थानीय स्तर पर रोजगार बंद हो रहे हैं। उत्तराखंड अपने साथ ही बनने वाले राज्यों छत्तीसगढ़ और झारखंड से पिछड़ गया है। प्रदेश में बनने वाली कांग्रेस की अगली सरकार शिक्षा व्यवस्था सुधारने और रोजगार के अवसर बढ़ाने पर विशेष जोर देगी। देवभूमि का गौरव स्थापित किया जाएगा।

Related Articles

Back to top button