उत्तराखंड

कांग्रेस में पीएम के लगातार तीसरे दौरे से हलचल, चार को मोदी चल सकते हैं बड़ी घोषणाओं का दांव

देहरादून। कांग्रेस की बेचैनी एक बार फिर बढ़ गई है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का दिसंबर में चार तारीख को देहरादून दौरा तय हो गया है। लगातार तीसरे महीने होने जा रहे इस तीसरे दौरे से कांग्रेस में खलबली है। पार्टी को अंदेशा है कि चुनावी बेला में मोदी आम जन को लुभाने के लिए राज्य के लिए बड़ी घोषणाओं का दांव चल सकते हैं। इसकी काट के लिए पार्टी वैकल्पिक रणनीति बनाने में जुटी हुई है।

2022 के विधानसभा चुनाव में अब ज्यादा समय शेष नहीं रह गया है। 2017 के चुनाव में बुरी पराजय झेल चुकी कांग्रेस अब करो या मरो की तर्ज पर अगले चुनाव को ले रही है। चुनाव प्रचार की आक्रामक रणनीति का आगाज किया जा चुका है। केंद्रीय नेतृत्व के निर्देश पर विधानसभा क्षेत्रवार पर्यवेक्षकों की टोलियां टोह लेने से लेकर पार्टी के पक्ष में माहौल बनाने का काम कर रही हैं। पूरी ताकत झोंक रही कांग्रेस की मुश्किलें प्रधानमंत्री मोदी के दौरे से फिर बढऩे वाली हैं।

डबल इंजन के दम ने बढ़ाई चिंता

दरअसल कांग्रेस यह बात साफतौर पर महसूस कर रही है कि चुनाव में उसका मुकाबला भाजपा से ज्यादा उसके ब्रांड मोदी से होना है। केंद्र सरकार के राज्य में आधारभूत संरचना और कनेक्टिविटी से जुड़े कई महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट चल रहे हैं। मोदी केंद्र सरकार के काम को डबल इंजन के दम के तौर पर प्रस्तुत करते रहे हैं। दीपावली से एक दिन बाद केदारनाथ दौरे में उन्होंने पहाड़ का पानी और जवानी उसके काम आने की अवधारणा पर आगे बढ़ने के संकेत देकर कांग्रेस के खेमे की चिंता बढ़ा दी थी।

Related Articles

Back to top button