उत्तराखंड

उत्तराखंड: परिवहन विभाग में चेकपोस्ट के स्थान पर सचल दस्ते होंगे तैनात, जानिए क्यों उठाया जा रहा कदम

देहरादून। परिवहन विभाग उत्तराखंड के बाहर से आने वाले व्यावसायिक वाहनों के लिए आनलाइन टैक्स प्रक्रिया शुरू कर चुका है। अब प्रदेश की सीमा के भीतर अवैध तरीके से आने वाले वाहनों पर नजर रखने के लिए आटोमेटिक नंबर प्लेट रिकगनिशन कैमरे (एपीएनआर) खरीदने की प्रक्रिया शुरू हो रही है। इन्हें मुख्य मार्गों व सीमाओं पर लगाया जाएगा। ऐसे में अब परिवहन विभाग सीमाओं पर बनी चेकपोस्ट को चरणबद्ध तरीके से कम करते हुए समाप्त करने की तैयारी कर रहा है।

परिवहन विभाग ने प्रदेश से लगी विभिन्न राज्यों की सीमाओं पर अवैध तरीके से आने वाले वाहन और व्यावसायिक वाहनों से टैक्स वसूलने के लिए 19 चेकपोस्ट स्वीकृत की हुई हैं। इनमें से अभी 13 चेकपोस्ट सुचारू रूप से चल रही हैं। आनलाइन टैक्स जमा करने की प्रक्रिया शुरू होने के बाद इन चेकपोस्ट पर बहुत अधिक राजस्व एकत्र नहीं हो रहा है। स्थिति यह है कि चेकपोस्ट से विभाग को मिलने वाले राजस्व से अधिक का खर्च यहां तैनात कर्मचारियों के वेतन और भत्तों में हो रहा है। इससे इन चेकपोस्ट का औचित्य कम होता जा रहा है।

Related Articles

Back to top button