कैम्पटी फाल में प्रतिबंध के बावजूद उमड़ी पर्यटकों की भीड़, अतिरिक्त पुलिस बुलाई

मसूरी। कैम्पटी फाल में एक बार में 50 से ज्यादा पर्यटकों के आने पर प्रशासन के प्रतिबंध के बावजूद शुक्रवार सुबह झील में बड़ी संख्या में पर्यटक उमड़ पड़े। पहले तो कैम्पटी थाना पुलिस ने पर्यटकों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन उनके न मानने पर अतिरिक्त पुलिस बुलाने की नौबत आ गई। बाद में प्रशासन व पुलिस ने सख्ती दिखाते हुए झील का पानी कम कराकर पर्यटकों को बाहर निकाला। साथ ही एक बार में 50 पर्यटकों को आधे घंटे के लिए झील जाने के लिए प्रवेश दिया।
कोविड कर्फ्यू में ढील के साथ ही पर्यटकों की भीड़ उमड़ रही है। प्रसिद्ध पर्यटक स्थल कैम्पटी फाल में बढ़ती भीड़ के चलते कोविड-19 की गाइडलाइन का खुलेआम उल्लंघन हो रहा है। इसे देखते हुए प्रशासन ने शुक्रवार से एक बार में 50 पर्यटकों को झील में आधे घंटे के लिए जाने का आदेश जारी किया था। लेकिन, इसके उलट पर्यटकों की भीड़ उमड़ पड़ी।