उत्तराखंड

मौसम के तेवर तल्ख, हरिद्वार और ऋषिकेश में गंगा खतरे के निशान से ऊपर; जगह-जगह भूस्खलन

देहरादून। उत्तराखंड में मौसम के तेवर तल्ख बने हुए हैं। लगातार हो रही बारिश से नदी-नाले उफान पर हैं। हरिद्वार और ऋषिकेश में गंगा खतरे के निशान से ऊपर बह रही है। एहतियातन आसपास की आबादी को रात में ही सुरक्षित स्थानों पर भेज दिया गया था। देवप्रयाग में भी यही स्थिति है। अलकनंदा और मंदाकिनी में भी जल स्तर बढ़ने से नदी तट और आसपास के इलाकों में अलर्ट किया गया है। गंगोत्री, बदरीनाथ, केदारनाथ मार्ग कई स्थानों पर भूस्खलन की वजह से बाधित हो गया है। वहीं, आम जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। पानी लोगों के घरों तक पहुंच रहा है। पुलिस-प्रशासन इसपर लगातार नजर बनाए हुए है और घरों में फंसे लोगों को सुरक्षित निकालने में जुटे हैं। इधर, मौसम विभाग ने शनिवार और रविवार के लिए प्रदेश में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है।

भूस्खलन होने से मलबे में फंसी कार

मौसम के तेवर तल्ख होने के साथ ही दुश्वारियों में भी इजाफा हो रहा है। बदनाथ हाईवे पर क्षेत्रपाल में भूस्खलन होने से वहां से गुजर रही कार फंस गई। गनीमत रही कि इस दौरान किसी को कोई नुकसान नहीं पहुंचा। चालक और सवार लोगों ने भाग कर जान बचाई।

हरिद्वार में खतरे के निशान से ऊपर बह रही गंगा

हरिद्वार में गंगा का जलस्तर बढ़ रहा है। गंगा खतरे के निशान 294 मीटर से ऊपर 294.40 मीटर पर बह रही है। पानी के बहाव में भारी मात्रा में सिल्ट आने के कारण गंगनहर को बंद कर दिया गया है। प्रशासन ने कल ही अलर्ट जारी करते हुए सभी बाढ़ चौकियों को सतर्क कर दिया था। डूब क्षेत्र को खाली करा लिया गया था। साथ ही गंगा के तटीय इलाकों में सतर्कता बढ़ती जा रही है।

Related Articles

Back to top button