भाजपा की जिला कार्यकारिणी से दो और पदाधिकारियों ने दिया इस्तीफा

हल्द्वानी : भाजपा की जिला कार्यकारिणी से दो और पदाधिकारियों ने इस्तीफा दे दिया है। दोनों जिला कार्यकारिणी सदस्य हैं। जिलाध्यक्ष प्रदीप बिष्ट को भेजे इस्तीफे में उन्होंने दमुवाढूंगा क्षेत्रवासियों को भूमि का मालिकाना हक न मिलने को कारण बताया है। उत्तरी मंडल के पांच पदाधिकारियों के बाद इस इस्तीफे से भाजपा में फिर हलचल शुरू हो गई है।
दमुवाढूंगा निवासी महेश जोशी व नंद लाल लंबे समय से भाजपा से जुड़े हैं। इस समय वे जिला कार्यकारिणी सदस्य हैं। दोनों ने लिखा है कि संगठन की ओर से लगातार उपेक्षा हो रही थी। वहीं पिछले चार वर्ष से दमुवाढूंगा क्षेत्रवासियों को अपनी सरकार में भी मालिकाना हक नहीं मिल सका है। इस जवाबदेही से वह भी नहीं बच सकते हैं। इसलिए इस्तीफा देने को मजबूर हैं। वहीं, इससे पहले हल्द्वानी उत्तरी मंडल के अध्यक्ष नवीन पंत समेत पांच पदाधिकारियों ने इस्तीफा दिया था। पंत ने प्रेस कांफ्रेंस के जरिये जिला महामंत्री व मेयर को इसके लिए जिम्मेदार ठहराया था।