उत्तराखंड

ऊधमसिंहनगर के किसानों को मिली राहत, 1.10 लाख क्विंटल धान का हो सकेगा भुगतान

देहरादून। ऊधमसिंहनगर जिले के उन किसानों को सरकार ने बड़ी राहत दे दी है, जिन्हें आफलाइन हुई 1.10 लाख क्विंटल धान खरीद का भुगतान नहीं हो पाया था। कैबिनेट ने इस बारे में फैसला लेने के लिए मुख्यमंत्री को अधिकृत किया है। खाद्य आपूर्ति मंत्री बंशीधर भगत के अनुसार मुख्यमंत्री ने इन किसानों को शीघ्र भुगतान करने पर सैद्धांतिक सहमति दे दी है।

धान खरीद केंद्रों में पूर्व में खरीद पोर्टल से बाहर भी धान की खरीद की गई थी। आफलाइन हुई करीब 1.10 लाख क्विंटल धान खरीद का भुगतान किसानों को नहीं हो पाया था। हाल में ऊधमसिंहनगर जिले के किसानों ने खाद्य आपूर्ति मंत्री बंशीधर भगत से मुलाकात कर उनका ध्यान इस तरफ आकृष्ट कराया था। भगत ने किसानों को भरोसा दिलाया था कि उन्हें जल्द ही भुगतान किया जाएगा।

शुक्रवार को हुई कैबिनेट की बैठक में इस मसले पर चर्चा हुई। धान खरीद में किसानों के बकाये के भुगतान के लिए मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत को अधिकृत किया गया। कैबिनेट मंत्री भगत ने कहा कि अब जल्द ही संबंधित किसानों को धान खरीद की बकाया राशि का भुगतान कर दिया जाएगा।

Related Articles

Back to top button