गुजरात

अंतिम सफर में भी वेटिंग :15 दिन में दोगुना बढ़ गए अंतिम संस्कार सिविल से आई एक ही एम्बुलेंस में 11 शव

सूरत । कोरोना से हालात ऐसे बन गए हैं कि श्मशान गृह में अंतिम क्रिया के लिए भी वेटिंग चल रही है। अनलाॅक-2 में मृतकों की संख्या बढ़ गई है। अश्विनी कुमार श्मशान गृह में बुधवार को 15 शव कतार में लगे थे। दो-दो घंटे बाद इनका नंबर आया। 15 दिन पहले जहां रोज 25 से 30 शवों का अंतिम संस्कार किया जाता था, वहीं अब रोज 60 से अधिक अंतिम संस्कार हो रहे हैं।

पिछले 15 दिनों में कोरोना से होने वाली मौतों का आंकड़ा जिस तेजी से बढ़ा है, उससे प्रशासन की भी नींद उड़ गई है। श्मशान गृह के बाहर मृतदेह लिए एंबुलेंस अंतिम संस्कार के लिए घंटों इंतजार करती रहती हैं। मृतदेह के साथ आए उनके परिजन भी घंटों बाहर कतार में खड़े रहते हैं। बुधवार दोपहर 2.30 बजे का दृश्य दिल दहलाने वाला था। बुधवार दोपहर ढाई बजे तक कोरोना प्रोटोकॉल से अंतिम संस्कार के लिए 15 शव वेटिंग में थे। सिविल अस्पताल से आई एक एंबुलेंस में 11 शव रखे हुए थे।

एंबुलेंस ड्राइवर रतिलाल ने बताया, मैं सूरत महानगर पालिका की एंबुलेंस चलाता हूं। शहर ने सारे श्मशान गृह में जाना होता है। हर जगह मृतदेह की संख्या बढ़ गई है। उमरा और जहांगीरपुरा के श्मशान भूमि का भी यही हाल है। एंबुलेंस में अब सिर्फ मृतदेह ही रहती है। सीट भी निकाल दी है, क्योंकि कई बार एक बार में 5 से 10 डेड बॉडी होती हैं।

एकता ट्रस्ट का काम बढ़ा, स्टाफ की होने लगी कमी

अभी कोरोना प्रोटोकॉल से अंतिम संस्कार करने का काम एकता ट्रस्ट के पास है। काम इतना बढ़ गया है कि अब स्टाफ की कमी हो गई है। इस मुद्दे पर पूछे गए एक सवाल का जवाब देते हुए मिलिंद तोरावने ने कहा कि वॉलेंटियर और सामाजिक संस्थाओं को आगे आकर सहयोग करने की जरूरत है। हम सबसे सहयोग की अपील कर रहे हैं।

मां का शव लेकर आया हूं, 4 बजे तक नंबर आएगा

भूपत भानाभाई ने कहा कि मैं कतारगाम में रहता हूं। मेरी मां की कोरोना से मौत हो गई। मैं अंतिम संस्कार के लिए श्मशान आया हूं। दोपहर 1 बजे से आए हैं। हमें कहा गया है कि 4 बजे नंबर आएगा। हम इंतजार कर रहे हैं। इसी तरह योगेश भाई ने बताया कि सिविल अस्पताल में मेरे 57 वर्षीय पिताजी भर्ती थे। उन्हें कोरोना हुआ था, मंगलवार रात 2 बजे उनका देहांत हो गया। बुधवार दोपहर अंतिम संस्कार के लिए अश्विनी कुमार श्मशान भूमि में लाए। जिस एंबुलेंस में लाए उसमें मेरे पिताजी के शव के अलावा 10 और मृतदेह हैं। हम दो घंटे से इंतजार कर रहे हैं।

मनपा ने श्मशान भूमि पर तैनात किए 2 सिक्युरिटी गार्ड

अश्विनी कुमार श्मशान भूमि के बाहर सूरत महानगर पालिका ने 2 सिक्युरिटी गार्ड बुधवार से तैनात कर दिए। सिक्युरिटी गार्ड के कहने के मुताबिक श्मशान भूमि में मीडिया के जाने पर प्रतिबंध लगाया गया है। गौरतलब है कि श्मशान गृह में अधिक वेटिंग होने से एक परिजन द्वारा मृतदेह को वापस ले जाने का वीडियो वायरल हुआ था।

Related Articles

Back to top button