उत्तराखंड

उत्तराखण्ड: कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक की एंटीजन रिपोर्ट पॉजिटिव, एम्स में होंगे भर्ती

देहरादून I उत्तराखंड के शहरी विकास मंत्री मदन कौशिक की रैपिड एंटीजन रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। वे जल्द ही एम्स में भर्ती होंगे। उन्होंने खुद इस बात की पुष्टि की है। उन्होंने अपील की है कि जो लोग और पत्रकार उनके संपर्क में आए हैं वे खुद ही आइसोलेट हो जाएं। वही, कृषि मंत्री सुबोध उनियाल भी सेल्फ आइसोलेट हो गए हैं। उनके बेटे और भतीजी की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है।

बता दें कि कोरोना पॉजिटिव के संपर्क में आने के कारण मंत्री कौशिक शनिवार शाम से पांच दिन के लिए खुद ही आइसोलेट हो गए थे। इससे पहले मंत्री ने जनसमस्याएं सुनने के साथ मायादेवी मंदिर में हवन में हिस्सा लिया था। कई संगठनों के कार्यकर्ताओं ने उनसे मिलकर अपने मांग पत्र भी दिए। सूत्रों का कहना है कि मंत्री का एक करीबी भी कोरोना संक्रमित पाया गया है।

इसके बाद मंत्री कौशिक ने कहा कि अब वे पांच दिन तक किसी से नही मिलेंगे। मंत्री के आइसोलेट होने की खबर मिलते ही शहर में हड़कंप मच गया। मालूम हो कि इससे पहले तीन दिन तक आइसोलेट रहने के बाद कैबिनेट मंत्री एक सितंबर को बाहर आए थे।

कैबिनेट बैठक में शामिल हुए थे कौशिक

कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक शुक्रवार को कैबिनेट बैठक में शामिल हुए थे। इस बैठक में गोपन विभाग के स्टाफ के अलावा शासन के सभी प्रमुख आलाधिकारी मौजूद थे। कौशिक की आरटीपीसीआर रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद मंत्रियों और आलाधिकारियों को आइसोलेशन में जाना पड़ सकता है। हालांकि इस बारे में कौशिक का कहना है कि कैबिनेट बैठक के दौरान सोशल डिस्टेंस, मास्क, सैनिटाइजेशन और एहतियात से जुड़े सभी तरह के प्रोटोकाल का पालन हुआ है।

मीडियाकर्मियों से भी की थी बातचीत

कैबिनेट बैठक के बाद कौशिक की कई मीडिया कर्मियों से भी बातचीत हुई थी। विधानसभा सत्र घोषित होने के कारण उन्होंने ब्रीफिंग तो नहीं की, लेकिन अन्य राजनीतिक विषयों पर पत्रकारों ने उनसे बातचीत की थी। कौशिक ने संपर्क में आने वाले सभी लोगों से एहतियात बरतने की अपील की है।

Related Articles

Back to top button