उत्तराखंड

उत्तराखण्ड: विधायक प्रणव सिंह चैंपियन की भाजपा में हो सकती है वापसी

देहरादून। अनुशासनहीनता के आरोप में भाजपा से निष्कासित किए गए खानपुर विधायक कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन की कल पार्टी में वापसी हो सकती है। भाजपा नेतृत्व सोमवार को इसका एलान कर सकता है। इसके अलावा झबरेड़ा विधायक देशराज कर्णवाल को भी अभयदान मिल सकता है। उधर, पार्टी सूत्रों के अनुसार चैंपियन की वापसी को लेकर चल रही कसरत पर राज्यसभा सदस्य और भाजपा के राष्ट्रीय मीडिया प्रमुख अनिल बलूनी ने नाराजगी जताई है।

लगातार विवादों में रहे विधायक कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन को भाजपा ने पिछले साल 18 जुलाई को पार्टी से निष्कासित कर दिया था। शुक्रवार को हुई पार्टी की उच्च स्तरीय बैठक में उनके मसले पर चर्चा की गई थी। इसके अलावा विधायक देशराज कर्णवाल, पूरण सिंह फर्त्याल व महेश नेगी के मसलों पर भी विचार-विमर्श हुआ था। कर्णवाल को पार्टी ने 28 जुलाई को अनुशासनहीन आचरण के आरोप में नोटिस जारी किया था, जिसका वह जवाब दे चुके हैं। विधायक फर्त्याल हाल में एक पुल निर्माण के मामले में असंतोष जाहिर करने की वजह से सुर्खियों में रहे थे। वहीं, विधायक महेश नेगी पर एक महिला ने यौन उत्पीड़न का आरोप लगाया है।

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बंशीधर भगत ने चारों विधायकों को रविवार को देहरादून तलब किया था, मगर विधायक चैंपियन व कर्णवाल ही अपना पक्ष रखने पहुंचे। दोनों ने यमुना कॉलोनी स्थित निवास पर प्रदेश अध्यक्ष भगत से अलग-अलग मुलाकात कर अपनी सफाई पेश की। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के मुताबिक दोनों विधायकों से बातचीत हो गई है। केंद्रीय नेतृत्व से इस बारे में चर्चा कर सोमवार तक निर्णय ले लिया जाएगा।

Related Articles

Back to top button