उत्तराखंड: पिथौरागढ़ और चमोली में बारिश का कहर, गांव मलबे में दफन, एक महिला की मौत, एक लापता
देहरादून । उत्तराखंड के पिथौरागढ़ और चमोली जिले में सोमवार रात हुई भारी बारिश से बर्बादी का आलम पसर गया है। यहां कई घर मलबे में दफन हो गए हैं। बीआरओ का पुल टूट गया है। कई घरों में बरसात का पानी घुस गया है। जीबली गांव में एक महिला लापता बताई जा रही है।
वहीं चमोली जिले में सोमवार तड़के बादलों ने खूब कहर मचाया है। यहां एक महिला की मौत हो गई है और एक बच्ची घायल है। इसके अलावा मवेशियों को भी नुकसान पहुुंचा है।
धारचूला मुनस्यारी में बारिश ने तबाही मचाई है। यहां बीआरओ का पुल बह गया है। 100 से अधिक गावों का मुख्यालय से संपर्क कट गया है। जराजीबली, गलाती, बरम सहित कई गावों में पानी घुसने से लोगों में दहशत है।
भारी बारिश से गलाती में तीन मकानों में घुसा पानी
धारचूला तहसील मुख्यालय में देर रात भारी बारिश हुई। गलाती गांव में गलाती गाड़ का पानी कुछ घरों में घुस आया। लोगों ने किसी तरह अपनी जान बचाई।
घटना की जानकारी पूर्व प्रधान रमतोली गीता देवी ने प्रशासन को दी। गलाती गाड़ के उफान से लोग डरे और सहमे हैं।
लुमती गांव भी मलबे से पट गया है। फिलहाल जनहानि की सूचना नहीं है। जारा जीबली में एक महिला हीरा देवी (45) साल लापता बताई जा रही है।