उत्तराखंड

देहरादून की जेल के 26 और कैदियों की कोरोना जांच रिपोर्ट पॉजिटिव, हड़कंप

देहरादून: देहरादून की सुद्धोवाला जेल के 26 और कैदियों की कोरोना जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। लगातार कैदियों के कोरोना पॉजिटिव आने से जेल प्रशासन में हड़कंप मचा हुआ है।

वहीं रविवार को जिलाधिकारी के आदेश पर अब महिला पॉलिटेक्निक को अस्थायी जेल बना दिया गया है। इसमें 100 कैदियों के रहने की व्यवस्था की गई है। इसके लिए जेल प्रशासन की ओर से बंदीरक्षकों की तैनाती सहित सभी व्यवस्थाएं कर दी गई हैं।

तमाम एहतियात के बावजूद जिला जेल भी कोरोना संक्रमण से अछूती नहीं रह सकी। रोज कैदी यहां कोरोना पॉजिटिव निकल रहे हैं। शुक्रवार को एक कैदी में कोरोना की पुष्टि हुई थी। आसपास रहने वाले अन्य कैदियों की जांच कराई तो शनिवार को सात और कैदियों में कोरोना की पुष्टि हुई।

अब स्थिति और विस्फोटक

अब स्थिति और विस्फोटक हो गई है। रविवार को 26 कैदियों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। जिसके बाद से जेल प्रशासन के होश उड़े हुए हैं। जेल की क्षमता 580 की है, लेकिन वर्तमान में करीब 1100 कैदी हैं।

लगातार कैदियों के कोरोना पॉजिटिव आने के बाद जेल प्रशासन ने शासन से कहीं और अस्थायी जेल बनाने की मांग की थी। जिसके बाद डीएम के आदेश पर सुद्धोवाला स्थित महिला पॉलिटेक्निक को अस्थायी जेल बना दिया गया है।

जेल अधीक्षक महेंद्र सिंह ग्वाल ने बताया कि नए कैदियों को अब यहीं रखा जाएगा। इसके लिए महिला पॉलिटेक्निक में बनाई गई अस्थायी जेल में बंदीरक्षक की नियुक्ति सहित सभी व्यवस्थाएं कर ली गई हैं। यहां नए कैदियों को रखना शुरू कर दिया गया है।

बैरकों को किया जा रहा सैनिटाइज

जेल में कोरोना पॉजिटिव मामले बढ़ने के बाद बैरकों को नियमित रूप से सैनिटाइज किया जा रहा है। अब जेल प्रशासन ने बंदियों की सुरक्षा के लिए कड़े कदम उठाने शुरू कर दिए हैं। जेल अधीक्षक ने कहा कि हर तरह की सुरक्षा और सावधानियां बरती जा रही हैं।

दून अस्पताल के बाहर पीपीई किट में तैनात किए पुलिसकर्मी

जेल में कोरोना पॉजिटिव मामले आने के बाद दून अस्पताल में भर्ती बंदी मौके का फायदा उठाकर भाग न जाएं, इसके लिए पुलिस ने कड़े सुरक्षा इंतजाम किए हैं।

डीआईजी अरुण मोहन जोशी ने बताया कि अस्पताल के बाहर पीपीई किट पहने पुलिसकर्मियों को 24 घंटे तैनात कर दिया गया है, ताकि कोई भी कैदी अस्पताल से भाग न पाए। सभी पुलिसकर्मियों को कैदियों पर कड़ी नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं।

लगभग 1100 बंदी हैं सुद्धोवाला जेल में

सुद्धोवाला जेल में इस समय विचाराधीन और सजयाफ्ता करीब 1100 बंदी हैं। ऐसे में सात बंदियों में संक्रमण मिलना चिंताजनक है। यहां पहले ही क्षमता से अधिक कैदी हैं। ऐसे में अब नए बंदियों को अलग अलग रखने की व्यवस्था भी की जा रही है।

120 कैदियों को मिली थी पैरोल

लॉकडाउन की शुरूआत में प्रदेश की विभिन्न जेलों में बंद कैदियों को पैरोल पर रिहा करने की बात कही थी। इस योजना के अंतर्गत सुद्धोवाला जेल के लगभग 120 कैदियों का नाम आया था। इनमें से बड़ी संख्या में कैदी पैरोल पर रिहा हो गए थे, मगर कुछ ने घर न जाने की अर्जी लगाई थी।

मास्क न पहनने पर 707 का चालान

देहरादून जिलाधिकारी डॉ. आशीष श्रीवास्तव के आदेश पर रविवार को स्वास्थ्य विभाग और पुलिस प्रशासन की टीम ने राजधानी समेत पूरे जिले में सघन चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान सार्वजनिक जगह पर मास्क न पहनने पर 707 लोगों के चालान काटे गए।

जिलाधिकारी डॉ. आशीष कुमार श्रीवास्तव का कहना है कि जिस तरीके से कोरोना संक्रमण तेजी से फैल रहा है उसे देखते हुए हर व्यक्ति को मास्क पहनना अनिवार्य है। ऐसा नहीं करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

जौलीग्रांट एयरपोर्ट पर 138 प्रवासियों की हुई जांच

जिलाधिकारी डॉ. आशीष कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि रविवार को 138 प्रवासी जौलीग्रांट एयरपोर्ट पहुंचे। सभी यात्रियों की एयरपोर्ट पर ही स्वास्थ्य जांच कर क्वारंटीन सेंटर में भेज दिया गया। वहीं, देहरादून-काठगोदाम जनशताब्दी ट्रेन से 80 यात्री देहरादून पहुंचे।

सभी यात्रियों की स्टेशन पर जांच की गई। इसके बाद उन्हें होम क्वारंटीन कर दिया गया। रेलवे अधिकारियों के मुताबिक रविवार को देहरादून-नई दिल्ली जनशताब्दी एक्सप्रेस से 182 यात्रियों और देहरादून-काठगोदाम जन शताब्दी से 142 यात्रियों को रवाना किया गया।

Related Articles

Back to top button