उत्तराखंड

उत्तराखण्ड: कांग्रेस बताए कि सीएम राहत कोष में उसका कितना योगदान: बंशीधर भगत

देहरादून। प्रदेश सरकार द्वारा मुख्यमंत्री राहत कोष का ब्योरा सार्वजनिक कर दिए जाने के बाद अब भाजपा ने कांग्रेस पर हमला बोला है। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बंशीधर भगत ने कांग्रेस से पूछा है कि वह यह बताए कि सीएम राहत कोष में उसका योगदान क्या है।

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भगत ने कहा कि मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत की अपील पर राज्य और राज्य से बाहर के लोगों ने सीएम राहत कोष में दिल खोलकर सहयोग किया। भगत ने कहा कि एक तरफ लोग सीएम राहत कोष में सहयोग कर रहे हैं, वहीं कांग्रेस हमेशा नकारात्मक भूमिका निभाती रही और आज भी उसका यही हाल है।

उन्होंने कांग्रेस नेताओं से सवाल किया कि राहत कोष में उनका कितना योगदान है, वे यह बताएं। बड़ी बड़ी बातें करने और गाल बजाने वाली कांग्रेस बिना कोई योगदान दिए हिसाब मांगती थी, आज मुख्यमंत्री ने कोष में जमा राशि व खर्च का ब्योरा देकर कांग्रेस का मुंह बंद कर दिया। उन्होंने कहा कि अब कांग्रेस को मुख्यमंत्री और जनता से सार्वजनिक माफी मांगनी चाहिए।

कंप्यूटराइजेशन में देरी से मंत्री खफा

सहकारिता राज्यमंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने विधानसभा में हुई विभागीय समीक्षा के दौरान बहुद्देश्यीय सहकारी समितियों के कंप्यूटराइजेशन में देरी पर नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने 10 दिन के भीतर कंप्यूटराइजेशन की प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इस माह के तीसरे सप्ताह में मुख्यमंत्री इसका शुभारंभ करेंगे।

Related Articles

Back to top button