उत्तराखण्ड: कोरोना के कुल 2947 मामले, संक्रमित 41 लोगों की हो चुकी है मौत
देहरादून। उत्तराखंड में कोरोना की रफ्तार थमने का नाम नहीं ले रही है। अच्छी बात यह है कि इसी रफ्तार से मरीज स्वस्थ भी हो रहे हैं। ताजा मामले में भी प्रदेश में कोरोना के 66 नए मामले आए तो इससे ज्यादा 86 ठीक हुए।
मगर चिंता की बात यह है कि अब स्थानीय स्तर पर बिना ट्रेवल हिस्ट्री वाले लोग भी पॉजिटिव पाए जा रहे हैं। अब तक प्रदेश में कोरोना के 2947 मामले आ चुके हैं। इनमें 78.62 फीसद यानी 2317 स्वस्थ हो चुके हैं। वर्तमान में 562 मरीज प्रदेश के विभिन्न कोविड केयर सेंटर और अस्पतालों में भर्ती हैं। कोरोना संक्रमित 41 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 27 मरीज राज्य से बाहर जा चुके हैं।
स्वास्थ्य विभाग से मिली जानकारी के अनुसार बुधवार की रात को 1554 सैंपल की जांच रिपोर्ट मिली। इनमें 1488 की रिपोर्ट निगेटिव और 66 केस पॉजिटिव हैं। इनमें सर्वाधिक 22 मामले जनपद नैनीताल से हैं। जिनमें सात दिल्ली व एक व्यक्ति मुरादाबाद से लौटा है। 14 अन्य लोग पूर्व में संक्रमित पाए गए व्यक्तियों के संपर्क में आए हैं।
देहरादून में भी 20 नए मामले आए हैं। इनमें चेन्नई, हरियाणा, राजस्थान, कर्नाटक, जबलपुर व पश्चिम बंगाल से लौटे सेना के आठ जवान भी शामिल हैं। यह सभी यहां क्वारंटाइन थे। इसके अलावा एम्स ऋषिकेश के एक स्वास्थ्य कर्मी, वहां भर्ती दो मरीज और गाजियाबाद, मुंबई व अफगानिस्तान से लौटे एक-एक व्यक्ति की भी रिपोर्ट पॉजिटिव आई है।