केदारनाथ में महंगा खाना बेचने की शिकायत का सरकार ने लिया संज्ञान, ऐसा करने वालों पर दर्ज होगा केस

देहरादून। केदारनाथ में महंगा खाना बेचने की शिकायत का सरकार ने संज्ञान लिया है। ऐसा करने वालों पर केस दर्ज किया जाएगा। पर्यटन, धर्मस्व व संस्कृति मंत्री सतपाल महाराज ने जिलाधिकारी रुद्रप्रयाग ऐसा करने वाले व्यक्तियों को चिह्नित करते हुए उन पर केस दर्ज करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने भारी बरसात के मद्देनजर सिंचाई व पर्यटन विभाग के अधिकारियों को भी सतर्क रहने को कहा है।
पर्यटन एवं धर्मस्व मंत्री सतपाल महाराज ने कहा कि उन्हें जानकारी मिली है कि भारी बरसात और सड़क बंद होने के कारण केदारनाथ में फंसे यात्रियों से वहां के कुछ होटल एवं रेस्टोरेंट संचालक खाने के अधिक दाम वसूल रहे हैं। 50 रुपये की खाने की थाली के 500 रुपये तक वसूल किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस तरह की लूट बिल्कुल बर्दाश्त नहीं की जाएगी। ऐसा करने वाले व्यक्तियों के खिलाफ केस दर्ज किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यात्रियों को घबराने की आवश्यकता नहीं है। जल्द ही सभी बाधित मार्गों को खोल दिया जाएगा।