सीएम धामी की डीडीहाट में निगाहें, पहाड़ में हलचल, पैतृक गांव में विकास कार्यों पर किया फोकस

हल्द्वानी। उत्तराखंड में भौगोलिक स्थिति भिन्न है। तराई-भाबर व पहाड़ तीन तरह की स्थितियां हैं। इसी के चलते राजनीतिक परिस्थितियां भी अलग हो जाती हैं और राजनेताओं को भी इसी आधार पर सियासी माहौल बनाना होता है। पिछले कुछ समय से कुमाऊं के सीमांत जिला पिथौरागढ़ क्षेत्र की डीडीहाट विधानसभा सीट सुर्खियों में आने लगी है। इसका कारण भी है। क्योंकि वहां युवा सीएम पुष्कर सिंह धामी का पैतृक गांव जो है। हालांकि वह वर्तमान में खटीमा विधानसभा क्षेत्र से विधायक हैं। लगातार दूसरी बार जीते हैं।
वर्तमान में डीडीहाट विधानसभा सीट से विधायक बिशन सिंह चुफाल हैं। धामी सरकार में कैबिनेट मंत्री भी हैं। वर्ष 2017 के विधानसभा चुनाव में चुफाल को इन्हीं की पार्टी के किशन भंडारी ने बागी होकर कड़ी टक्कर दी थी। भंडारी बागी होकर निर्दलीय मैदान में उतरे थे। अब 2022 के चुनावी रण की तैयारी शुरू हो चुकी है। 80 हजार वोटर वाले इस सीट पर कई तरह की सियासी चर्चा गरमाने लगी है। जब से पुष्कर सिंह धामी सीएम बने हैं। उन्होंने अपने पैतृक गांव हड़खोला व बाद में बसे टुंडी गांव वाले विधानसभा क्षेत्र डीडीहाट में विकास कार्यों के जरिये फोकस किया है।