उत्तराखंड

92 साल पहले बापू के लगाए पीपल के पेड़ के संरक्षण की कांग्रेसियों ने ली शपथ

देहरादून। ओल्ड मसूरी रोड स्थित शहंशाही आश्रम परिसर में करीब 92 साल पहले महात्मा गांधी ने पीपल का पौधा लगाया था, जो आज विशाल पेड़ के रूप में मौजूद है। उसके नीचे कांग्रेसियों ने पेड़ के संरक्षण की शपथ ली। महानगर कांग्रेस अध्यक्ष लालचंद शर्मा ने कहा कि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी 17 अक्टूबर 1929 को एक सम्मेलन में शामिल होने देहरादून आए थे। इसी दौरान उन्होंने ओल्ड राजपुर के शहंशाही आश्रम परिसर में ये पीपल लगाया था।

शुक्रवार को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के जन्मदिवस की पूर्व संध्या पर हुए कार्यक्रम में महानगर कांग्रेस कमेटी ने बापू के प्रिय भजन रघुपति राघव राजा राम का गुणगान किया। सद्भावना सभा में दूनघाटी रंगमंच से लक्ष्मी नारायण ब्रजेश नारंग के नेतृत्व में रंगमंच कलाकार अनुज कुमार बापू की वेशभूषा में शामिल हुए।

इस मौके पर लालचंद शर्मा ने कहा कि महात्मा गांधी ने राष्ट्र की जनता के साथ-साथ प्रकृति व जीवों का भी संरक्षण किया। आज कुछ राजनेता राष्ट्रपिता के त्याग, समर्पण व देशभक्ति को दूषित करने का प्रयास कर रहे हैं। बापू की देशभक्ति की एक सोच थी जो भारत के साथ-साथ संपूर्ण विश्व के देश प्रेमियों के बीच है।

Related Articles

Back to top button