यहां 100 करोड़ से तैयार हो रहा देश का पहला पोस्ट एंट्री क्वारंटाइन सेंटर, विदेशी पौधे होंगे क्वारंटाइन

देहरादून। विदेश से मंगाए जाने वाले फल प्रजातियों के पौधे अब उत्तराखंड में क्वांरटाइन होंगे। इसके लिए केंद्र सरकार की मदद से टिहरी जिले के मगरा में सौ करोड़ की लागत का देश का पहला ‘पोस्ट एंट्री क्वारंटाइन सेंटर’ बनाया जा रहा है। यहां उत्तराखंड, हिमाचल, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और पूर्वोत्तर राज्यों के लिए मंगाए जाने वाले शीतोष्ण जलवायु के पौधे सालभर तक क्वारंटाइन किए जाएंगे। किसी भी प्रकार के रोग, कीट आदि का प्रकोप न होने की पुष्टि के बाद ही इन्हें राज्यों को भेजा जाएगा।
देश में शीतोष्ण जलवायु वाले राज्यों में विदेश से काफी संख्या में फल पौध मंगाई जाती है। रोपण से पहले यह सुनिश्चित करना अनिवार्य होता है कि संबंधित पौध रोग व कीट प्रकोप से मुक्त है। हालांकि, आयातित पौधों को अलग-थलग (क्वारंटाइन) कर उनकी निगरानी को पुख्ता व्यवस्था न होने से इस नियम का पालन नहीं पा रहा है। परिणामस्वरूप, आयातित पौधों से अधिक फलोत्पादन और बेहतर क्वालिटी की मंशा परवान नहीं चढ़ पा रही है।