उत्तराखंड

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक बोले, कांग्रेस कितना भी बदलाव कर ले, कुछ नहीं होगा

देहरादून। उत्तराखंड कांग्रेस संगठन में हुए नेतृत्व परिवर्तन के घटनाक्रम पर सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) भी निरंतर नजर बनाए हुए है। इस पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक का कहना है कि कांग्रेस कितना भी बदलाव कर ले, उसे कुछ हासिल होने वाला नहीं है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष कौशिक ने कहा कि पूर्व में कांग्रेस के शासनकाल में हुए घपले-घोटालों से हर कोई वाकिफ है। इसे देखते हुए प्रदेश में भी जनता ने कांग्रेस को जमीन दिखाई। उन्होंने कहा कि धड़ों में बंटी कांग्रेस पिछले साढ़े चार साल में अपने विपक्ष तक के दायित्व को भी ठीक से नहीं निभा पाई है। अब कांग्रेस ने अपने संगठन में भले ही बदलाव किए हों, लेकिन उसकी रीति-नीति को जनता भलीभांति जानती है। कांग्रेस अपने संगठन में कितना भी परिवर्तन कर ले, कुछ नहीं होगा।

वर्ष 2016 में कांग्रेस छोड़ भाजपा में शामिल हुए कैबिनेट मंत्री डा हरक सिंह रावत ने कांग्रेस के घटनाक्रम पर कहा कि कांग्रेस पार्टी में तुष्टीकरण की नीति चल रही है, जो इस पार्टी की धड़ेबाजी को उजागर करती है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अब और ज्यादा कमजोर दिख रही है। जितने अधिक शक्ति केंद्र होंगे, उससे कांग्रेस को ही नुकसान होगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस चाहे जितना जोर लगा ले, संगठन में बदलाव कर ले, उसके हाथ आगामी विधानसभा चुनाव में भी खाली रहेंगे, यह बात तय है।

Related Articles

Back to top button