उत्तराखंड

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक ने कहा- राहत कार्यों में जुटें भाजपा कार्यकर्त्‍ता

देहरादून। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक ने टिहरी जिले के अंतर्गत देवप्रयाग में बादल फटने की घटना में हुए नुकसान पर दुख व्यक्त किया है। उन्होंने टिहरी के भाजपा जिलाध्यक्ष को निर्देश दिए कि सभी पार्टी कार्यकर्त्‍ता तत्काल राहत कार्यों में जुट जाएं। मदन कौशिक ने मंगलवार को टिहरी के भाजपा जिलाध्यक्ष के साथ ही देवप्रयाग क्षेत्र के पार्टी कार्यकर्त्‍ताओं से फोन पर बादल फटने से हुए नुकसान की जानकारी ली। कौशिक के मुताबिक उन्होंने पार्टी जिलाध्यक्ष और क्षेत्रीय विधायक को स्थिति पर नजर रखने और राहत कार्य शुरू करने को कहा। इसके अलावा टिहरी जिला प्रशासन से भी जानकारी लेने के साथ आवश्यक निर्देश भी दिए गए।

आम आदमी पार्टी (आप) के प्रदेश उपाध्यक्ष अमित जोशी ने सरकार पर तंज कसते हुए कहा कि सरकार वैक्सीनेशन से ज्यादा अपनी छवि साफ करने के प्रयास में जुटी हुई है। प्रेस को जारी बयान में उन्होंने कहा कि दस दिन की देरी के बाद प्रदेश में 18 से 44 आयुवर्ग के लिए वैक्सीनेशन शुरू हुआ। इसमें भी मुख्यमंत्री से लेकर नेतागण का ध्यान वैक्सीनेशन शुरू करने से ज्यादा इसके उद्घाटन व फोटो खिंचवाने पर रहा। वह ऐसा करके अपनी नाकामियों को ढकने का प्रयास करते दिखे। उन्होंने कहा कि यह निंदनीय है कि कोरोनाकाल के बीच भी मंत्री अपनी राजनीति चमका रहे हैं। उधर, आम आदमी पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता रविंद्र सिंह आनंद ने कहा कि प्रदेश में कोरोना की स्थिति को देखते हुए स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत बनाने के लिए नर्सिंग स्टाफ, डॉक्टर व टेक्नीशियनों की भर्ती संविदा के आधार पर की जाए।

Related Articles

Back to top button