उत्तराखंड

देहरादून के कैंट अस्पताल में भी होगा कोरोना मरीजों का उपचार; आवश्यक सुविधा युक्त 130 बेड की होगी व्यवस्था

देहरादून। छावनी परिषद देहरादून के गढ़ी कैंट स्थित अस्पताल में भी अब कोरोना के मरीजों का उपचार किया जाएगा। इसे कोविड-हॉस्पिटल में तब्दील किया जा रहा है। अस्पातल में आवश्यक सुविधा युक्त 130 बेड की व्यवस्था होगी।

मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने शुक्रवार को अस्पताल परिसर का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। मुख्यमंत्री ने छावनी परिषद की मुख्य अधिशासी अधिकारी तनु जैन को अस्पताल में कोविड-19 के दृष्टिगत आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने जिलाधिकारी डॉ. आशीष श्रीवास्तव को भी इस संबंध में आवश्यक सहयोग प्रदान करने को कहा है। उन्होंने अस्पताल परिसर में साफ-सफाई व शौचालय आदि की व्यवस्था करने के भी निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री के साथ कैबिनेट मंत्री गणोश जोशी भी उपस्थित थे।

मुख्य अधिशासी अधिकारी तनु जैन ने मुख्यमंत्री को आश्वस्त किया कि एक सप्ताह के अंदर इस अस्पताल परिसर में 130 बेड की व्यवस्था कर दी जाएगी। इससे यहां पर भी पीड़ितों को उपचार उपलब्ध कराया जा सकेगा।

Related Articles

Back to top button