पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज ने खारिज की आम आदमी पार्टी में जाने की बात, बोले- आज तक वह दिल्ली के मुख्यमंत्री से नहीं मिले

देहरादून: पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज ने आम आदमी पार्टी (आप) में जाने की चर्चाओं को सिरे से खारिज किया है। उन्होंने कहा कि वह भाजपा में रहकर भारत को विश्वगुरु बनाने के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संकल्प के साथ आगे बढ़ेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि वह आज तक दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल से नहीं मिले हैं। पिछले दो दिनों से इंटरनेट मीडिया में कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज के आप में जाने की चर्चा चल रही है। यहां तक कहा गया कि कैबिनेट मंत्री अपनी पत्नी अमृता रावत के साथ आप में शामिल हो सकते हैं।
गुरुवार को कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज ने इस चर्चा को कोरी अफवाह करार दिया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में वह कांग्रेस को छोड़कर भाजपा में शामिल हुए। प्रधानमंत्री के देश को आगे बढ़ाने व भारत को विश्व गुरु बनाने के संकल्प का साथ देने के लिए वह भाजपा में आए। वह हाल में पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में भाजपा का प्रचार करने गए थे। वह अरविंद केजरीवाल से आज तक नहीं मिले हैं।