नौ सूत्रीय मांगों को लेकर अब नैनीताल में क्रमिक अनशन पर उतरे केएमवीएन के कर्मचारी

नैनीताल: कुमाऊँ मंडल विकास निगम द्वारा नए पदों पर नियुक्ति के लिए विज्ञप्ति जारी करने और विभिन्न मांगों को पूरा नहीं करने पर विरोध में उतरे कर्मियों ने अब आंदोलन और तेज कर दिया है। तीन दिनों तक निगम मुख्यालय के बाहर धरने पर डटे कर्मचारियों ने मांगे पूरी न होने पर अब क्रमिक अनशन शुरू कर दिया है। कर्मियों ने ऐलान किया है कि यदि उनकी मांगे नहीं मानी गई तो जल्द आंदोलन और तेज किया जाएगा।
गुरुवार को संयुक्त कर्मचारी महासंघ के बैनर तले निगम कर्मी केएमवीएन मुख्यालय के बाहर एकत्रित हुए। जहां कर्मियों निगम प्रबंधन और सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। जिसके बाद एक पौधा लगाने के बाद 10 कर्मियों ने क्रमिक अनशन शुरू कर दिया है। जो कि शाम छह बजे तक अनशन पर रहेंगे। महासंघ अध्यक्ष दिनेश गुरुरानी ने कहा कि लंबे समय से कर्मचारी नियमितीकरण की मांग कर रहे हैं। इसके साथ ही वरिष्ठता सूची जारी करने और पदोन्नति की भी मांग की जा रही है।