उत्तराखंड

पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने तीरथ की ताजपोशी पर ली चुटकियां, पूछी ये बात

देहरादून। पूर्व मुख्यमंत्री एवं कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव हरीश रावत ने मुख्यमंत्री के रूप में तीरथ सिंह रावत की ताजपोशी पर सवाल खड़े किए। इंटरनेट मीडिया पर अपनी पोस्ट में हरीश रावत ने तीरथ सिंह रावत की ताजपोशी पर चुटकियां लीं। उन्होंने सवालिया अंदाज में पूछा तीरथ के सिर पर ताज, लेकिन निशंक और अजय भट्ट सरताज क्यों नहीं बन पाए। क्या दल-बदलुओं में से भी कुछ बेताज होंगे। इस पर भाजपा का आगे का हुलिया निर्भर करता है। जैसे टीएसआर गया है, वैसा ही टीसीआर आया है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की जनता के लिए तो केवल यही पहेली अब सुलझनी बाकी है।

सल्ट उपचुनाव को कांग्रेस ने नियुक्त किए पर्यवेक्षक

कांग्रेस अल्मोड़ा जिले के सल्ट विधानसभा सीट पर उपचुनाव को मजबूती से लड़ेगी। प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने उपचुनाव के लिए विधानसभा में उप नेता प्रतिपक्ष करन माहरा और प्रदेश उपाध्यक्ष आर्येंद्र शर्मा को पर्यवेक्षक नियुक्त किया है। सल्ट की सीट भाजपा विधायक सुरेंद्र सिंह जीना के निधन से रिक्त हुई है। इस सीट पर उपचुनाव होना है। कांग्रेस इस सीट सीट पर भाजपा को वाकओवर देने के मूड में नहीं है। प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने नवनियुक्त पर्यवेक्षकों को उक्त विधानसभा क्षेत्र के वरिष्ठ नेताओं एवं कार्यकर्त्‍ता से समन्वय स्थापित करने कहा है। साथ ही आम सहमति से पार्टी प्रत्याशी का चयन करने के संबंध में गोपनीय आख्या अतिशीघ्र प्रदेश कांग्रेस कमेटी को भेजने के निर्देश दिए हैं।

Related Articles

Back to top button