कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह बोले, भाजपा सरकार की नीति से आमजन त्रस्त
देहरादून। पुलवामा हमले की दूसरी बरसी पर रविवार को कांग्रेस नेताओं ने राजपुर रोड स्थित कांग्रेस भवन में इस हमले में शहीद हुए जवानों को श्रद्धा सुमन अर्पित किए। जवानों को श्रद्धांजलि देने के बाद पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने केंद्र और राज्य की भाजपा सरकारों को महंगाई व बेरोजगारी के मुद्दे पर आड़े हाथों लिया। कार्यक्रम में मसूरी विधानसभा के ग्रामीण क्षेत्रों की पंचायत प्रतिनिधियों सहित दर्जनों महिलाओं ने कांग्रेस की सदस्यता भी ग्रहण की। प्रदेश महामंत्री गोदावरी थापली के नेतृत्व में पार्टी में शामिल हुई इन महिलाओं का प्रदेश अध्यक्ष ने स्वागत किया।
कार्यक्रम में कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि आमजन भाजपा सरकार की जन विरोधी नीतियों से त्रस्त है। पेट्रोल और डीजल के दाम में बेतहाशा वृद्धि हो रही है। रसोई गैस के साथ खाद्य पदार्थों के दाम भी लगातार बढ़ रहे हैं। त्रिवेंद्र सरकार पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि बेरोजगारी में प्रदेश सरकार ने देश में नया कीर्तिमान स्थापित किया है। आज प्रदेश के हालत बद से बदतर हो चुके हैं। इसलिए जनता कांग्रेस की ओर टकटकी लगाए हुए है। वहीं, प्रदेश महामंत्री गोदावरी थापली ने कहा कि कांग्रेस के पक्ष में बेहतर माहौल है। कार्यक्रम में प्रदेश उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना, महानगर अध्यक्ष लालचंद शर्मा, महेश जोशी, विपुल नौटियाल, गोविंद पुंडीर आदि मौजूद रहे।