उत्तराखंड

उत्तराखंड: कृषि कानूनों के विरोध में मंगलौर में महापंचायत आज, नरेश टिकैत करेंगे किसानों को संबोधित

उत्तराखंड: कृषि कानूनों के विरोध में गुड़ मंडी में आज होने वाली महापंचायत को लेकर किसानों ने बैठक कर तैयारियों को अंतिम रूप दिया। किसान नेताओं का कहना है कि महापंचायत में भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) के अध्यक्ष नरेश टिकैत किसानों को संबोधित करेंगे।

इस दौरान किसी भी राजनीति दल के नेताओं को मंच साझा नहीं करने दिया जाएगा। इससे पहले किसान संगठनों के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने गांव-गांव जाकर किसानों से संपर्क किया और महापंचायत में पहुंचने की अपील की।

मंगलवार को गुड़ मंडी में पत्रकारों से वार्ता करते हुए किसान नेताओं ने कहा कि बुधवार को होने वाली महापंचायत में भारी संख्या में किसानों के पहुंचने की संभावना है। भाकियू (टिकैत) के मंडल अध्यक्ष संजय चौधरी ने कहा कि महापंचायत में संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष नरेश टिकैत किसानों को संबोधित करेंगे। राजनीतिक दलों के नेताओं को मंच साझा नहीं करने दिया जाएगा। इसमें सिर्फ किसान अपनी ताकत दिखाएंगे।

राज्य से भारी संख्या में किसान महापंचायत में भाग लेंगे और आगे की रणनीति पर चर्चा करेंगे। उत्तराखंड किसान मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष गुलशन रोड़ ने कहा कि सभी किसान संगठन एकजुट है और महापंचायत में राज्य के किसान अपना वजूद दिखाएंगे।

उन्होंने कहा कि किसान केंद्र सरकार के खिलाफ लगातार प्रदर्शन कर रहे है और आगामी छह फरवरी को संयुक्त रूप से जगह-जगह रास्ते बंद कर विरोध दर्ज कराएंगे। भाकियू (टिकैत) के प्रदेश महासचिव रवि कुमार ने कहा कि जब तक सरकार की ओर से कृषि कानून वापस नहीं लिए जाते, किसान आंदोलन जारी रहेगा। सभी किसान संगठनों की ओर से महापंचायत के लिए जनसंपर्क अभियान चलाया जा रहा है।

आज महापंचायत में भारी संख्या में किसानों के पहुंचने की उम्मीद है। इस दौरान भाकियू (टिकैत) के जिलाध्यक्ष विजय कुमार शास्त्री, किसान-मजदूर संगठन के पद्म सिंह भाटी, अखिल भारतीय किसान संगठन के रामपाल सिंह, ओमप्रकाश, महकार सिंह, बालेंद्र, धमेंद्र, राममूर्ति आदि मौजूद थे।

Related Articles

Back to top button