उत्तराखंड

आज एम्स नई दिल्ली से डिस्चार्ज हो जाएंगे मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र

देहरादून I मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत शनिवार को एम्स नई दिल्ली से डिस्चार्ज हो जाएंगे। उनकी सभी रिपोर्ट सामान्य हैं। मुख्यमंत्री के फीजीशियन डॉ. एनएस बिष्ट ने ये जानकारी दी है।

मुख्यमंत्री 18 दिसंबर को कोरोना पॉजिटिव हो गए थे। तब से वह आइसोलेशन में रहे। 27 दिसंबर को मुख्यमंत्री को हल्का बुखार हुआ। दून अस्पताल में स्वास्थ्य परीक्षण के बाद उनकी चेस्ट में मामूली संक्रमण मिला।

डाक्टरों की सलाह पर वह एम्स दिल्ली में भर्ती हो गए। फीजीशियन डॉ. एनएस बिष्ट के मुताबिक, मुख्यमंत्री की सभी रिपोर्ट सामान्य हैं और उनके शनिवार तक डिस्चार्ज हो जाने की पूरी संभावना है।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की पत्नी और बेटी का स्वास्थ्य भी ठीक है। सूत्रों के मुताबिक, मुख्यमंत्री एम्स से छुट्टी मिलने के बाद एक-दो दिन दिल्ली में रह सकते हैं। इसके बाद वह देहरादून लौट आएंगे।

देहरादून में 124 लोगों में हुई कोरोना की पुष्टि
राजधानी दून में शुक्रवार को 124 नए मरीजों में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई। इसके साथ ही जिले में अब तक कुल संक्रमित हुए लोगों की संख्या 27397 तक पहुंच गई है। इसमें से 24738 लोग उपचार के बाद स्वस्थ होकर लौट चुके हैं। 1402 लोगों का जिले के अलग-अलग अस्पतालों में अब भी उपचार चल रहा है।

जिलाधिकारी कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार, शुक्रवार को जिले में बनाए गए विभिन्न सैंपल कलेक्शन केंद्रों पर कुल 767 सैंपल लिए गए। इसमें सभी मरीजों की रिपोर्ट निगेटिव मिली।

आशारोड़ी चैक पोस्ट पर 529, कुल्हालचैक पोस्ट पर 51, जौलीग्रांट एयरपोर्ट पर 122, आईएसबीटी पर 53 और रेलवे स्टेशन पर12 एंटीजन सैंपल लिए गए। सार्वजनिक स्थलों पर मास्क का इस्तेमाल न करने पर कुल 31 लोगों के चालान किए गए।

हरिद्वार जिले में 42 कोरोना संक्रमित मरीज मिले

शुक्रवार को हरिद्वार जिले में 42 नए कोरोना केस मिले। संक्रमितों में सबसे अधिक रुड़की क्षेत्र के 16 लोग शामिल हैं। बहादराबाद क्षेत्र में भी 15 कारोना संक्रमित मिले हैं। वहीं हरिद्वार शहर में सात, लक्सर, खानपुर, भगवानपुर में एक-एक व्यक्ति की कोरोना जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। दूसरे राज्य से भी एक व्यक्ति कोरोना संक्रमित पाया गया है।

Related Articles

Back to top button